भीमताल: विकास भवन सभागार, भीमताल में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अनामिका की अध्यक्षता में पोषण माह की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और गर्भवती/धात्री महिलाओं की एनिमिया जांच पर जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से खुले और पंजीकृत लाभार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत पोर्टल पर दर्ज की जाए। उन्होंने पोषण ट्रैकर ऐप के तहत FRS (Facial Recognition System) से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की और अधिकारियों को सुपरवाइजर व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की केंद्रवार सूची बनाकर समीक्षा करने को कहा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा चिन्हित कुपोषित बच्चों की प्रोफाइल तैयार की जाए और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग कर विशेष देखभाल की व्यवस्था की जाए। साथ ही, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पोषण ट्रैकर पोर्टल में पंजीकृत पात्र लाभार्थियों को शामिल करने और अपात्रों को हटाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी पेयजल-विहीन आंगनबाड़ी केंद्रों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, जिला प्रोबेशन अधिकारी वर्षा, बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया, शिल्पा जोशी, पूनम रौतेला, पार्वती कोरंगा, तुलसी बोरा, किरनलता जोशी, नीता दीक्षित, अनिता सक्सेना, गीता आर्या सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
