ऋषिकेश: ऋषिकेश के शिवाजी नगर गली नंबर-16 में शनिवार रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला घर में अकेली थी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा।
पुलिस के अनुसार रात करीब 9:30 बजे इलाके में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर के भीतर एक महिला खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी, जबकि हमलावर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
मृतक महिला की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। वह एम्स में आउटसोर्सिंग कर्मचारी थी और मूल रूप से यमकेश्वर क्षेत्र की रहने वाली थी। महिला का आठ साल का बेटा है, जो फिलहाल नाना-नानी के घर रहता है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।
एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि एसओजी की मदद ली जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
