रुद्रप्रयाग: केदारनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 29 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक दीपावली का पर्व मनाकर अपने गांव से लौट रहा था। हादसे के बाद पूरे धनपुर पट्टी क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, वीरों गांव निवासीपंकज सिंह नेगी, पुत्र सते सिंह नेगी, अपनी स्कूटी से अगस्त्यमुनि स्थित एल एंड टी कंपनी में ड्यूटी पर जा रहे थे। तिलवाड़ा के पास जीएमवीएन के समीप उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े एक लोडर वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पंकज को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया।
अगस्त्यमुनि थाना प्रभारी कुलदीप पंत ने बताया कि मृतक स्कूटी पर अकेले सवार था और घटना के समय काम पर जा रहा था। उन्होंने बताया कि संबंधित कंपनी को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।
गौरतलब है कि केदारनाथ हाईवे पर लगातार हादसों का सिलसिला जारी है। हाल ही में काकड़ागाड़ के पास कार पर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। वहीं चमोली जिले में भी थराली-डूंगरी मार्ग पर एक सूमो के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 लोगों की जान बाल-बाल बची थी।
