हल्द्वानी: काठगोदाम क्षेत्र में लंबे समय से अटकी सड़क चौड़ीकरण योजना पर अब काम शुरू हो गया है। काठगोदाम तिराहे से गौला पुल तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य के लिए बुधवार से प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी। करीब चार करोड़ रुपये की लागत से होने वाली इस योजना के तहत सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी राहुल समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ बिजली की लाइनों को भी शिफ्ट किया जा रहा है, ताकि आगे चलकर यातायात में कोई दिक्कत न हो। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस देकर खुद अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन तय समयसीमा बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए। इसके बाद मजबूरी में प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि यह सड़क चौड़ीकरण परियोजना काठगोदाम क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है। इसके पूरा होने से जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। प्रशासन का प्रयास है कि काम समय पर पूरा हो और आम लोगों को सुरक्षित व सुगम सड़क सुविधा मिल सके।
