रामनगर/ नैनीताल: लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय में सड़क निर्माण कार्य के टेंडर जमा करने के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। टेंडर प्रक्रिया में दबंगई दिखाते हुए कुछ लोगों ने ठेकेदारों को जबरन टेंडर डालने से रोका और उनके साथ मारपीट तक कर दी। अचानक हुई अराजकता से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और विभागीय कर्मचारियों को भी हाथापाई का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, PWD कार्यालय में सड़क निर्माण के टेंडर जमा किए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ बाहरी लोग वहां पहुंचे और ठेकेदारों को फॉर्म जमा करने से रोकने लगे। मामला इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। कर्मचारियों ने बताया कि गुंडों ने दफ्तर के माहौल को पूरी तरह बिगाड़ दिया और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से करीब 9 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
हंगामे के बाद PWD के अधिशासी अभियंता संजय चौहान भी पुलिस थाने पहुंचे और उन्होंने पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान गुंडागर्दी और कर्मचारियों पर हमला कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि- पीड़ित ठेकेदारों से तहरीर ले ली गई है, आरोपी लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, और CCTV लगाने के लिए विभाग को पत्र भेजा जाएगा।
पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपियों के वाहन को सीज कर दिया है। इसके अलावा एक युवक के पास से लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार रिवॉल्वर के दुरुपयोग की आशंका होने पर हथियार जब्त कर लिया गया है और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
