रुद्रपुर: रुद्रपुर में बुधवार रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब जयमाला से ठीक पहले दूल्हे और दुल्हन पक्ष के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। बताया जा रहा है कि दुल्हन के पास एक युवक के बैठने और उससे बातचीत करने पर दूल्हे ने आपत्ति जताई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रीत विहार निवासी राहुल की शादी भूतबंगला क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी।
बुधवार शाम दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। शादी समारोह में जयमाला कार्यक्रम के दौरान एक युवक, जिसे दुल्हन का मुंहबोला भाई बताया जा रहा है, स्टेज पर आकर दुल्हन के पास बैठ गया और दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
यह देखकर दूल्हा भड़क उठा और उसने आपत्ति जताई। इस दौरान युवक के साथियों और दूल्हे पक्ष के लोगों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
हंगामे में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। विवाद बढ़ता देख दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया और पूरी बारात रामपुरा चौकी पहुंच गई। दुल्हन के पिता को सदमा लगने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी बुलाया। पुलिस ने समझौते का प्रयास किया और दूल्हा-दुल्हन से शादी पूरी करने की बात कही। देर रात तक दोनों पक्ष पुलिस चौकी में ही मौजूद रहे और वार्ता जारी रही।
