उत्तराखंड के ग्वालदम क्षेत्र में अमस्यारी गांव के पास रूस से घूमने आए एक पर्यटक के घायल होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि 55 वर्षीय रूसी नागरिक बोरिस अपने 54 वर्षीय साथी इगोर के साथ भारत में टूरिस्ट वीजा पर यात्रा कर रहा था। शनिवार शाम जब वे ग्वालदम से गरुड़ की ओर पैदल जा रहे थे, तभी अमस्यारी गांव के पास बोरिस का पैर फिसल गया और वह खेत में गिरकर घायल हो गया।
घटना के वक्त गांव की कुछ महिलाएं घास लेकर घर लौट रही थीं। उन्होंने घायल बोरिस को खेत में पड़ा देखा, जो हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगा रहा था। भाषा की समस्या के बावजूद महिलाओं ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत गांव से स्ट्रेचर मंगवाया और उसे सड़क तक पहुंचाया।
इस बीच उसका साथी इगोर, जो पेशे से सर्जन है, और पंकज कुशवाहा भी वहां पहुंच गए। इगोर ने मौके पर ही बोरिस का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद तीनों एक निजी वाहन से गरुड़ की ओर रवाना हो गए। बोरिस की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर बैजनाथ थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी भी मौके पर पहुंचे और तीनों विदेशी नागरिकों से पूछताछ की। पुलिस ने पुष्टि की कि वे सभी टूरिस्ट वीजा पर भारत आए हैं और करीब 10 दिन उत्तराखंड में भ्रमण करेंगे।
इस घटना के बाद पुलिस ने होम स्टे संचालक पंकज लोहुमी का ₹5000 का चालान किया है। आरोप है कि उन्होंने विदेशी नागरिकों को ठहराने की जानकारी पुलिस को नहीं दी थी, जो सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।