नैनीताल: नगर के हल्द्वानी रोड पर बल्दियाखान के समीप मंगलवार देर रात एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक खाई में जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना मिली कि बल्दियाखान के पास बाइक हादसा हुआ है और सवार खाई में गिर गए हैं। इसके बाद एसडीआरएफ, तल्लीताल पुलिस और अग्निशमन दल ने संयुक्त अभियान चलाया। अंधेरे में टोर्च की रोशनी के सहारे खाई में सर्च अभियान चलाकर टीम ने दोनों युवकों को घायल अवस्था में ढूंढ निकाला। करीब दो घंटे की कठिन मशक्कत के बाद दोनों को रेस्क्यू कर बाहर लाया गया।
घायलों की पहचान विशाल सिंह (निवासी भोटियापड़ाव, हल्द्वानी) और शिवराज सिंह (निवासी मुखानी, हल्द्वानी) के रूप में हुई है। दोनों ने बताया कि नैनीताल आते समय बाइक रपटने से वे छिटककर खाई में गिर गए थे। पुलिस की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस द्वारा बीडी पांडे अस्पताल पहुँचाकर उपचार दिया गया। तल्लीताल एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है और इलाज जारी है।
