हल्द्वानी: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिंडर पर बने एक नकली प्रेम जाल में फंसकर हल्द्वानी के एक व्यापारी ने अपनी मेहनत की कमाई के 14 लाख रुपए गवा दिए। साइबर अपराधियों ने आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर व्यापारी को ट्रेडिंग के नाम पर भरोसे में लिया और पैसे डलवाकर ठगी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यापारी ने बताया कि उसका टिंडर पर अकाउंट है, जहाँ रिचा नाम की एक लड़की ने संपर्क किया। बातचीत बढ़ी और दोनों ने दोस्ती कर ली। धीरे-धीरे लड़की ने शादी का प्रस्ताव दिया और खुद को पेशेवर ट्रेडर बताते हुए कहा कि वह रोज़ाना लाखों रुपए कमा लेती है। रिचा ने व्यापारी को विश्वास दिलाया कि यदि वह उसके साथ ट्रेडिंग करेगा तो उसकी आर्थिक स्थिति बदल जाएगी और शादी भी होगी।
लड़की ने व्हाट्सएप के जरिए एक वेबसाइट का लिंक भेजा और व्यापारी से पहली बार 25 हजार रुपए निवेश करवाए, जिससे उसे 17 डॉलर का मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे निवेश बढ़ाकर 14 लाख से अधिक की राशि लगवा ली। जब व्यापारी ने रकम निकालने की कोशिश की तो पहले 30 प्रतिशत और फिर 20 प्रतिशत टैक्स जमा करने का बहाना बनाकर उससे और पैसे मांगे गए। इसी पर उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
हल्द्वानी कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर साइबर पुलिस को सौंप दिया गया है। साइबर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान प्रोफाइल से संपर्क करते समय सतर्क रहें और किसी भी वित्तीय लेन-देन से पहले पूरी जानकारी अवश्य लें।
