नैनीताल: नैनीताल जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान हुआ विवाद अब बड़े संकट का रूप ले चुका है। इस पूरे घटनाक्रम से आहत होकर वरिष्ठ अधिवक्ता रवीन्द्र सिंह बिष्ट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे पिछले दो दशकों से जिला पंचायत का पक्ष उच्च न्यायालय नैनीताल और उत्तराखंड लोक सेवा अधिकरण में रखते आ रहे थे।
बिष्ट ने अपने त्यागपत्र में लिखा कि 14 अगस्त को मतदान के दिन पाँच निर्वाचित सदस्यों का हथियारबंद लोगों ने पुलिस की मिलीभगत से अपहरण कर लिया, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में स्वतंत्र और निष्पक्ष न्याय की कोई उम्मीद नहीं बचती, इसलिए वे तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं।
बिष्ट ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें 20 वर्षों तक जिला पंचायत का पक्ष रखने का अवसर मिला, लेकिन लोकतंत्र को कलंकित करने वाली इस घटना और पुलिस की निष्क्रियता ने उन्हें पद छोड़ने के लिए विवश किया।
इस इस्तीफे के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली और चुनावी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
