प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर
रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में एक शादी समारोह के दौरान बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। समारोह के बीच दो अज्ञात युवकों ने दूल्हे की मां के पर्स पर हाथ साफ कर दिया, जिसमें सोने के गहने, नकदी, मोबाइल फोन और करीब 30–40 गिफ्ट लिफाफे रखे हुए थे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना 13 नवंबर की रात रामनगर के एक रिजॉर्ट में हुई, जहां यूपी के संभल निवासी विकास अग्रवाल की पुत्री अलीशा अग्रवाल का विवाह आयोजित था। दोनों पक्षों के लगभग 300 मेहमान समारोह में शामिल थे। रात में आशीर्वाद समारोह के दौरान करीब 1 से 2 बजे के बीच दूल्हे शुभंकर अग्रवाल की माता कंचन अग्रवाल के पास रखा भूरे रंग का बैग अचानक गायब हो गया।
हड़कंप मचते ही परिवार की ओर से रिजॉर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। वीडियो में दो संदिग्ध युवक बैग उठाकर कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलते हुए दिखाई दिए। परिवार के अनुसार ये दोनों युवक न लड़के पक्ष से थे न लड़की पक्ष से यानी दोनों बिन बुलाए मेहमान थे, जिन्होंने मौका देखकर चोरी को अंजाम दिया।
मामले की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही रिसॉर्ट के बाहर और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की भागने की दिशा और रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
