चमोली: चमोली जिले के दशोली विकासखंड में स्थित एक राजकीय इंटर कॉलेज में अतिथि शिक्षक द्वारा छात्रा से छेड़छाड़ और नाबालिग छात्र से कुकृत्य करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना प्रकाश में आने के बाद हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त हो गया है। संगठनों के प्रतिनिधियों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है और पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
सूत्रों के अनुसार, कक्षा 12वीं की एक छात्रा और कक्षा 7वीं के एक छात्र ने आरोप लगाया कि कॉलेज में नियुक्त एक अतिथि शिक्षक ने उनके साथ अश्लील हरकतें और अमानवीय कृत्य किए। मामले की जानकारी होने पर अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, जिसके बाद आरोपी से माफीनामा लिखवाया गया।
इसके बाद शिकायत को औपचारिक रूप से खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) दशोली को भेजा गया। BEO ने आरोपों को गंभीर मानते हुए चमोली थाने को कार्रवाई के लिए पत्राचार किया है।
घटना के खुलासे के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता चमोली थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की माँग की।
थाना अध्यक्ष से सख्त कार्रवाई की मांग
हिंदू संगठन प्रतिनिधियों ने चमोली थाना अध्यक्ष अनिरुद्ध व्यास से मुलाकात की और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि—
“अगर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो बजरंग दल आगे की बड़ी कार्यवाही करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी।”
