नैनीताल: जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका ने ग्राम प्रधान के पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने स्कूल में घुसकर न सिर्फ उसके साथ अशोभनीय व्यवहार किया, बल्कि मारपीट और गालीगलौज भी की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिक्षिका के अनुसार, घटना की शुरुआत पिछले वर्ष 3 दिसंबर को हुई, जब आरोपी जबरन स्कूल परिसर में घुस आया। उसने कक्षा में मौजूद बच्चों को बाहर भेज दिया और शिक्षिका के साथ अभद्रता करने लगा। किसी तरह खुद को बचाते हुए उन्होंने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
इसके बाद 8 दिसंबर को आरोपी फिर स्कूल पहुंचा और कक्षा में घुसकर शिक्षिका के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उसका हाथ मरोड़ दिया। इस दौरान उसने गालीगलौज भी की। बीच-बचाव करने आए बच्चों को भी आरोपी ने धमकाया।
शिक्षिका ने बताया कि 13 फरवरी को एक बार फिर आरोपी स्कूल में घुस आया और गलत नीयत से छेड़छाड़ के साथ-साथ उनके और बच्चों के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद उन्होंने दोबारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली प्रभारी हेम चंद्र पंत ने जानकारी दी कि पीड़िता की तहरीर पर खुपताला निवासी आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 352 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
