हल्द्वानी: बनभूलपुरा क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और बाल विवाह का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि किशोरी की शादी उसी युवक से कराई गई, जिससे वह गर्भवती हुई थी। अब किशोरी चार माह की गर्भवती बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के 20 वर्षीय युवक का 17 वर्षीय किशोरी से प्रेम संबंध था। इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने सामाजिक बदनामी के डर से दोनों की शादी करा दी।
इसके बाद 12 जून को युवक की मां ने पुलिस में तहरीर दी कि किशोरी के परिजनों ने उसके बेटे की जबरन शादी कराई है। मामले की जांच एएसआई हेमंत प्रसाद को सौंपी गई। जांच के दौरान चिकित्सीय परीक्षण में किशोरी की उम्र 16 वर्ष 9 माह और गर्भावस्था चार माह की पाई गई।
पुलिस ने मामले में किशोरी के माता-पिता के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, युवक के खिलाफ POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपी युवक और किशोरी के परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
