नैनीताल: राजकीय बी.डी. पांडे जिला अस्पताल को गुरुवार को नई एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें उपलब्ध कराई गईं। ये मशीनें श्री कैंची हनुमान मंदिर एवं आश्रम ट्रस्ट के सहयोग से अस्पताल को प्रदान की गई हैं। मशीनों का शुभारंभ अस्पताल प्रबंधन और ट्रस्ट पदाधिकारियों की उपस्थिति में रिबन काटकर किया गया।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से आवश्यक उपकरणों के संबंध में अनुरोध पत्र प्राप्त हुआ था। सेवा कार्यों के तहत ट्रस्ट ने करीब 68 लाख रुपये की लागत से एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें उपलब्ध कराईं। इन मशीनों के साथ तीन वर्ष की मेंटेनेंस भी शामिल है, जिसका दायित्व संबंधित कंपनी द्वारा निभाया जाएगा।
अस्पताल के पीएमएस डॉ. तरुण कुमार टमटा ने ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई मशीनों से मरीजों को बेहतर और त्वरित जांच सुविधा मिल सकेगी। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने भविष्य में भी अस्पताल को हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष ओपी बिंद्रा, एमपी सिंह, प्रदीप साह, शैलेश साह सहित अस्पताल के चिकित्सक व स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
