
कालाढूंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गड़प्पू पुलिस चौकी के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें प्रेम विवाह करने वाले दंपती की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब उनकी कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मोहित और प्रियंका ने छह साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवनभर रहने की कसमें खा चुके थे, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उनकी जिंदगी इतनी जल्दी खत्म हो जाएगी। बताया जा रहा है कि प्रियंका का मायका नैनीताल के अयारपाटा क्षेत्र में है, जबकि मोहित दिल्ली में टैक्सी चलाता था। उनका एक घर कालाढूंगी में पोस्ट ऑफिस के पास भी है।
थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि हादसा करीब 10:30 बजे हुआ, लेकिन पुलिस को सूचना मिलने में देर हो गई। राहगीरों ने करीब 11:00 बजे गड़प्पू चौकी में पुलिस को खबर दी, जिसके बाद पुलिस 11:30 बजे मौके पर पहुंची। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 12:05 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोगों में चर्चा रही कि यदि समय पर इलाज मिल जाता, तो दोनों की जान बच सकती थी।
यह हादसा उन तमाम यात्रियों के लिए सबक है, जो वाहन चलाते समय सुरक्षा के नियमों को अनदेखा करते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।