बुलंदशहर: बुधवार तड़के बदायूं से दिल्ली लौट रहे एक परिवार की कार जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में चांदोक दोराहे के पास पुलिया से टकराकर पलट गई, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में कार सवार 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय लड़की गंभीर रूप से घायल हुई है।
कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और बदायूं के खैरपुर बल्ली, सहसवान के निवासी थे। वे दिल्ली के मालवीय नगर में रहते थे और एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान: जुबेर पुत्र औशाद अली, तनवीज पुत्र तनवीर, मोमिना पुत्री तनवीर, जेबा उर्फ निदा पुत्री तनवीर,जैनुल पुत्र जुबेर (2 वर्ष).
जबकि गुलनाज (17), पुत्री तनवीर इस भीषण हादसे में जीवित बची हैं और उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा:
परिजनों के मुताबिक, गाड़ी अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग पर चल रही थी। सुबह करीब 4 बजे, चालक तंजील अहमद को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया व डिवाइडर से टकरा गया। कार में CNG किट लगी थी, जिससे टक्कर के बाद आग लग गई।
सात महीने पहले हुई थी शादी:
बताया गया कि मृतक तंजील अहमद की शादी 7 माह पहले 18 नवंबर को सहसवान की निदा से हुई थी। हादसे में दोनों की मृत्यु हो गई। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। एसडीएम प्रियंका गोयल और एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



