हल्द्वानी (नैनीताल): बनभूलपुरा पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में सक्रिय झपटमार गिरोह का खुलासा किया है। इस अभियान में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है।
पूरा मामला 3 अप्रैल की रात का है, जब कैंचीधाम से यात्री छोड़कर लौट रहे जुबैर आलम से रेलवे स्टेशन तिराहे के पास KTM बाइक सवार तीन युवकों ने मोबाइल छीन लिया। इस घटना के बाद बनभूलपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले भी रोडवेज क्षेत्र में इसी तरह की वारदात सामने आई थी, जिससे पुलिस सतर्क हो गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। महज कुछ घंटों में ही पुलिस ने गौला पार्किंग के पास से मुख्य आरोपी फैजान अली (19 वर्ष), निवासी जवाहर नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से KTM Duke बाइक (UK04 AR 6839) और कुल 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें Samsung, Redmi, Oppo, Poco, OnePlus और Motorola कंपनियों के फोन शामिल हैं। बरामद सामान की कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर रोडवेज, रेलवे स्टेशन, बेस अस्पताल, KMOU स्टेशन और राजपुरा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से मोबाइल झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
इस सफलता पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 1500 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें और आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करें।
