नैनीताल : जनपद नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया अथवा डायल-112 पर झूठी या भ्रामक सूचनाएँ फैलाने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में, डॉ. जगदीश चंद्र (एसपी क्राइम/ट्रैफिक) के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक भवाली श्री अमित कुमार के पर्यवेक्षण में 24.11.2025 की रात एक कॉलर द्वारा डायल-112 पर सूचना दी गई कि सातताल में बर्थडे पार्टी के दौरान झगड़ा और फायरिंग हुई है, तथा एक व्यक्ति घायल है।
सूचना मिलते ही उ.नि. महेन्द्र राज सिंह चीता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। वहाँ न तो कोई झगड़ा मिला और न ही फायरिंग की कोई घटना सत्यापित हुई।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि 10–12 युवक जन्मदिन मना रहे थे, जिनमें केवल कहासुनी हुई थी। फायरिंग की बात पूरी तरह झूठी थी।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉलर अमित सिंह सूर्या, पुत्र भुवन सिंह सूर्या, निवासी सूर्यागाँव (भीमताल), को मौके से हिरासत में लिया। लिखित माफीनामा देने पर उसके विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
नैनीताल पुलिस की अपील
सोशल मीडिया या डायल-112 पर झूठी/भ्रामक सूचना देना दंडनीय अपराध है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिम्मेदार नागरिक बनें और अफवाह फैलाने से बचें।
