traffic light
नैनीताल: रविवार, दिनांक 09 नवंबर 2025 को कैंची धाम यात्रा मार्ग पर अधिक वाहन दबाव की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रातः 8:00 बजे से विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
जिला पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों, स्थानीय निवासियों एवं वाहन चालकों से यातायात योजना का पालन करने की अपील की है।
यातायात व्यवस्था इस प्रकार रहेगी—
नैनीताल व ज्योलिकोट से आने वाले पर्यटक
इन मार्गों से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा। वहां से शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को कैंची धाम में दर्शन के लिए ले जाया जाएगा।
भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटक
भीमताल से आने वाले पर्यटक अपने वाहन विकास भवन भीमताल पार्किंग स्थल में खड़े करेंगे। यहां से भी शटल सेवा द्वारा कैंची धाम में दर्शन की सुविधा दी जाएगी।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले भारी वाहन
ऐसे वाहन भीमताल रोड से खुटानी—मुक्तेश्वर—रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे।
आवश्यक सेवा वाले वाहन
सब्जी, फल, ईंधन, गैस, दूध आदि की आपूर्ति से जुड़े वाहनों का आवागमन पूर्ववत सुचारू रहेगा।
अल्मोड़ा/रानीखेत/बागेश्वर से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहन
ये वाहन क्वारब—रामगढ़—मुक्तेश्वर—खुटानी—भीमताल मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पुलिस प्रशासन की अपील:
स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों तथा सभी वाहन चालकों से अनुरोध है कि उक्त यातायात योजना का पालन करें और अपनी यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाएं।
