हल्द्वानी: मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में सोमवार को राज्य स्तरीय विद्यालयी शिक्षा फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 (अंडर-19 बालक/बालिका वर्ग) की शुरुआत हुई। शुभारंभ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों से टीमें भाग ले रही हैं।
आयुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और भविष्य में वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार मिनी स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं और स्टेडियम को और बेहतर बनाने का कार्य भी जारी है।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि छात्रावास में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत सूचना दें, साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबले हुए।
बालक वर्ग में –
देहरादून स्पोर्ट्स कॉलेज ने पौड़ी को 4–0 से हराया।
स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ ने देहरादून को 4–2 से मात दी।
नैनीताल ने पौड़ी को 2–0 से पराजित किया।
बालिका वर्ग में –
पिथौरागढ़ ने देहरादून को 9–0 से हराकर बड़ा अंतर बनाया।
नैनीताल ने उधम सिंह नगर को 4–0 से पराजित किया।
इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी जी.आर. जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
