देहरादून: उत्तराखंड में UKSSSC पेपरलीक मामले की जांच में पुलिस तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस का मुख्य फोकस फिलहाल खालिद पर है और उसके सहयोगियों की तलाश जारी है। अब तक खालिद की बहनों हीना और साबिया से पूछताछ की जा चुकी है, जिसमें साबिया को गिरफ्तार किया गया है।
खालिद की गिरफ्तारी के बाद उसके मददगारों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस इस मामले में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में एक अन्य शख्स की भी तलाश है, जिसने परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल पहुंचाने और पेपर लीक कराने में अहम भूमिका निभाई।
जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जिसकी जिम्मेदारी एसपी देहात जया बलूनी को सौंपी गई है। पुलिस टीम का कहना है कि जल्द ही खालिद और अन्य आरोपी पकड़े जाएंगे।
बीते 21 सितंबर को प्रदेश के 445 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित UKSSSC परीक्षा के दौरान एक पेपर सेट 11:35 बजे लीक हो गया। पेपर लीक के विरोध में बेरोजगार संघ 22 सितंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रदर्शन कर सचिवालय तक कूच किया और मामले की सीबीआई जांच की मांग की। इससे पहले 20 सितंबर को पुलिस और एसटीएफ ने परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को ठगी करने वाले दो आरोपियों पंकज गौड़ और हाकम सिंह को गिरफ्तार किया था।
