हल्द्वानी: हल्द्वानी में सड़कों और फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण को खत्म करने के लिए प्रशासन अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। इसी कड़ी में शुक्रवार को हल्द्वानी नगर निगम में पुलिस, प्रशासन और निगम अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें पूरे शहर में बड़े स्तर पर अभियान चलाने का फैसला लिया गया।
बैठक में तय हुआ कि फुटपाथों पर किए गए कब्जे और निजी जमीन की सीमा से बाहर बनाए गए रैंप के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई होगी। आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला स्तर के शिकायत एप में अतिक्रमण दर्ज कराने का विकल्प भी जोड़ा जाएगा, ताकि लोग सीधे सूचना दे सकें और उस पर त्वरित कार्रवाई हो सके।
शहर की मुख्य सड़कों को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया। खासतौर पर नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड के चौड़ीकरण के बाद वहां नए और व्यवस्थित फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिससे पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी। अस्पतालों के बाहर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए संबंधित संस्थानों को दो-दो गार्ड तैनात करने के निर्देश देने की तैयारी है, इसके लिए पुलिस नोटिस जारी करेगी।
फुटपाथों पर लगने वाले फड़ और ठेलों को हटाकर उन्हें तय वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा, ताकि यातायात और पैदल आवागमन दोनों सुचारु रह सके।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा, सहायक अभियंता नवल नौटियाल और सहायक लेखाधिकारी गणेश भट्ट समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
