नैनीताल: नैनीताल में छात्र राजनीति का पारा चढ़ने लगा है। कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 27 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने के साथ ही डीएसबी परिसर में चुनावी हलचल तेज हो गई है। उम्मीदवार अपने-अपने तरीके से प्रचार में जुट गए हैं और छात्रों-छात्राओं तक पहुंच बनाने की कोशिशें जारी है।
एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद के दावेदार तनिष्क मेहरा ने परिसर में रैली निकालकर छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने विश्वविद्यालय की समस्याओं पर चर्चा करते हुए अपने मुद्दे सामने रखे। इस बार अध्यक्ष पद पर तनिष्क मेहरा और करण सती आमने-सामने होंगे। वहीं सचिव पद के लिए आयुष आर्या, उपाध्यक्ष पद पर दिनेश चंद्रा और शशांक भंडारी, उपसचिव के लिए नितांत पंत तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए शिवेश कुमार के नाम चर्चा में हैं।
छात्रा उपाध्यक्ष पद पर तनिषा जोशी, पलक बिष्ट और प्राची नेगी की दावेदारी बनी हुई है, जबकि सांस्कृतिक सचिव के रूप में भावेश विश्वकर्मा का नाम प्रमुखता से उभर कर सामने आया है।
अब चुनाव में केवल एक हफ्ता बचा है और उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंक दी है। परिसर में रोजाना रैलियां, पोस्टर-बैनर और नुक्कड़ सभाएं देखने को मिल रही हैं। छात्र नेता लगातार छात्रों के बीच जाकर समर्थन जुटाने में लगे हैं। पूरे परिसर में चुनावी माहौल चरम पर है और अब सबकी नजरें 27 सितंबर को होने वाले मतदान पर टिकी हैं।
