हल्द्वानी: नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। गुरुवार को उन्होंने हल्द्वानी शहर के कई क्षेत्रों में अचानक निरीक्षण किया और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में दिख रही लापरवाही को लेकर संबंधित विभागों को कड़ी चेतावनी भी दी। सबसे पहले उन्होंने चौपुला इलाके में सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे नहर कवरिंग कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी देख डीएम भड़क उठीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मलबा हटाने और किनारों पर व्यू कटर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में कोई चूक हुई तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
इसके बाद डीएम वंदना ने देवखड़ी नाले का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए तत्काल दो जेसीबी मशीनें तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही नाले की पुरानी क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार को मानसून के बाद पुनर्निर्मित करने की बात कही। जानकारी दी गई कि अब तक आठ चेक डैम बन चुके हैं और बाकी पांच जल्द पूरे कर लिए जाएंगे रकसिया नाले की स्थिति ने जिलाधिकारी को और भी चिंतित किया। उन्होंने देखा कि पुल की ऊँचाई कम होने से बरसात में पानी सड़कों तक आ जाता है। इस पर लोनिवि को डीपीआर तैयार करने को कहा गया। साथ ही नाले में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ सख्त चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में बन रही हाईटेक लाइब्रेरी का निरीक्षण भी डीएम वंदना ने किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा होना चाहिए। साथ ही स्कूल परिसर में पुराने भवनों को हटाकर वहां पार्किंग विकसित करने की योजना पर भी काम करने को कहा।
तीनपानी बाईपास और फायर भवन के पास चल रहे कार्यों की धीमी गति भी डीएम की नजर से नहीं बच सकी। उन्होंने इन स्थलों पर भी तेजी से काम पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
गौलापुल और स्टेडियम क्षेत्र में गौला नदी किनारे हो रहे भूकटाव रोकथाम कार्यों का भी डीएम ने जायजा लिया। उन्होंने मजदूरों और मशीनों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए और कहा कि बारिश से पहले सभी सुरक्षात्मक कार्य पूरे कर लिए जाएं।
निरीक्षण के दौरान डीएम के साथ वनाधिकारी डी. नायक, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एसडीएम राहुल साह, सिंचाई, लोनिवि, यूयूएसडीए, एनएचएआई सहित कई विभागों के अधिकारी और स्थानीय पार्षद मौजूद रहे।
