अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक के सांगण साहु गांव में शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां 60 वर्षीय गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
शुरुआती जांच में उनके गले का गलोबंद गायब पाया गया और शरीर पर चोट के निशान भी मिले, जिससे पुलिस लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जता रही है। शांत पहाड़ी क्षेत्र में हुई इस वारदात से ग्रामीण दहशत में हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
गंगा देवी घर में अकेले रहती थीं, जबकि उनके पति मोहन सिंह लमगड़ा बाजार में रेस्टोरेंट चलाते हैं और अधिकांश समय वहीं बिताते हैं। रोज़ाना की तरह जब सुबह ग्रामीणों ने उन्हें बाहर नहीं देखा, तो दोपहर तक पड़ोसी चिंता में उनके घर पहुंचे।
घर का दरवाजा खुला था, टीवी चालू थी और गंगा देवी बिस्तर पर मृत अवस्था में मिलीं। इसके बाद तुरंत उनके पति और चंडीगढ़ में नौकरी कर रहे बेटे रविंद्र को सूचना दी गई, जो मौके पर पहुंचे और फिर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि मृतका के कान से खून बह रहा था, गले पर निशान थे और गलोबंद गायब था, जबकि बाकी आभूषण सुरक्षित मिले।
इस वजह से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वारदात लूटपाट के दौरान अंजाम दी गई होगी। हालांकि घर गांव के बीच स्थित है और आसपास लगातार आवाजाही होने से कई सवाल भी उठ रहे हैं।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका स्पष्ट है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, संदिग्धों से पूछताछ जारी है और फॉरेंसिक टीम भी सुराग जुटा रही है।
उधर, गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
