नैनीताल: नैनीताल पहुंचे तिब्बती सरकार के राष्ट्रपति (सिकयोंग) पेनपा सेरिंग का तिब्बती समुदाय ने पारंपरिक तरीके से जोरदार स्वागत किया। खराब मौसम के कारण देरी से पहुंचे पेनपा सेरिंग सबसे पहले मल्लीताल स्थित तिब्बती बाजार गए, जहां उन्होंने दुकानदारों से हालचाल पूछा।
इसके बाद वे सुख निवास स्थित बौद्ध मठ पहुंचे, जहां दलाई लामा के दीर्घायु के लिए विशेष प्रार्थना की गई। मठ के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भिक्षुओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
सुख निवास स्थित फुंसोंक देदेन सभागार में आयोजित जनसभा में सिकयोंग ने चीनी तिब्बत मुद्दे, तिब्बती संघर्ष और उसे मिले अंतरराष्ट्रीय समर्थन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्वासित तिब्बती सरकार के विकास कार्यों की जानकारी दी और दलाई लामा के उपदेशों को जीवन में अपनाने की अपील की।
उन्होंने चीन की आर्थिक नीतियों और एशिया के अन्य देशों पर उनके प्रभाव पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तिब्बती संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
भोजन के बाद पेनपा सेरिंग देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस मौके पर तिब्बती समुदाय के कई वरिष्ठ सदस्य, पदाधिकारी और भिक्षु मौजूद रहे।
