हल्द्वानी: नैनीताल जिले के लामाचौड़ क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती टाटा पंच कार में अचानक आग लग गई। कार चला रहे युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार करण नेगी, निवासी गांधी आश्रम पीपलपोखरा नंबर-1, सोमवार रात अपनी टाटा पंच कार से घर लौट रहे थे। लामाचौड़ क्षेत्र में पहुंचते ही कार के इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बाहर निकल आया।
आग लगते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए और सड़क से गुजर रहे वाहनों को रोक दिया गया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुखानी थाना प्रभारी सुशील जोशी ने बताया कि देर रात कार में आग लगने की सूचना मिली थी। चालक पूरी तरह सुरक्षित है, जबकि वाहन को नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
