टिहरी गढ़वाल: गढ़वाल मंडल के टिहरी गढ़वाल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। पीएचसी पिलखी में बच्चे को जन्म देने के बाद उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर की गई प्रसूता महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
घटना घनसाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेम बासर की है। 22 वर्षीय रवीना कठैत पत्नी कुलदीप कठैत को गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें पीएचसी पिलखी लेकर पहुंचे। सुबह करीब आठ बजे उन्होंने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया, लेकिन देर शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। महिला को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिस पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान रवीना ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि जब रात में महिला की तबीयत बिगड़ी, तब अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, सिर्फ वार्ड ब्वॉय ड्यूटी पर था। उन्होंने कहा कि यह घटना अस्पताल में पहले भी हो चुकी है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सीएमओ टिहरी गढ़वाल डॉ. श्याम विजय ने बताया कि मृतका की पूर्व में हृदय संबंधी समस्या थी और उसकी बाईपास सर्जरी भी हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी परिजनों ने अस्पताल को नहीं दी। प्रसव के 24 घंटे बाद सांस लेने में परेशानी बढ़ने पर उसे ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ श्रीनगर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
