उत्तराखंड/टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जनपद की खासपट्टी क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले युवा क्रिकेटर मयंक रावत ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। ग्रामसभा गडोलिया निवासी मयंक रावत का चयन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए देश की सबसे सफल टीमों में शामिल मुंबई इंडियंस में हुआ है। यह उपलब्धि न सिर्फ टिहरी जनपद, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
16 दिसंबर 2025 को आईपीएल-2026 के मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने मयंक रावत को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा। इसके साथ ही मयंक को अपना पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट मिला और वह मुंबई इंडियंस की 25 सदस्यीय टीम का हिस्सा बन गए हैं।
आईपीएल-2026 में मयंक को रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। मयंक दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज हैं और जरूरत पड़ने पर ऑफ-स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। मिडिल ऑर्डर में फिनिशर की भूमिका में उनकी खास पहचान बन चुकी है।
मयंक का जन्म टिहरी गढ़वाल में हुआ, लेकिन उनके क्रिकेट करियर की नींव दिल्ली में पड़ी। वह दिल्ली रणजी ट्रॉफी टीम का हिस्सा रह चुके हैं और 2024-25 सत्र में एक मुकाबला भी खेल चुके हैं। उन्हें असली पहचान दिल्ली प्रीमियर लीग-2024 से मिली, जहां ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।
पहाड़ों से निकलकर देश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग तक पहुंचने वाले मयंक रावत आज उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
