रामनगर में मजदूर को मारने वाला बाघ हुआ कैंद.
रामनगर : रामनगर वन प्रभाग में रविवार शाम एक बार फिर बाघ के हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। कोटा रेंज के पाटकोट क्षेत्र अंतर्गत भलोन गांव में देर शाम बाघ ने पाइपलाइन बिछाने के कार्य में लगे एक मजदूर पर हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर हमलावर बाघ को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
घटना रविवार शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट की है। सिंचाई विभाग के अंतर्गत चल रहे पाइपलाइन कार्य में लगे मजदूर पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभिमन्यु कुमार (30) पुत्र भगेलू साह, निवासी जोकटिया, थाना मझौलिया, जिला बेतिया (पश्चिम चंपारण), बिहार के रूप में हुई है। अभिमन्यु काम के सिलसिले में रामनगर आया हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर वन प्रभाग की टीम अलर्ट हो गई। डीएफओ ध्रुव मार्तोलिया के अनुसार, सूचना मिलते ही तीन रेंज की संयुक्त टीम, वेटरनरी डॉक्टर और क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) को तत्काल मौके पर भेजा गया।
वन विभाग की टीम शाम करीब सात बजे घटनास्थल पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर बाघ को सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज कर लिया गया।
डीएफओ ध्रुव मार्तोलिया ने बताया कि ट्रेंकुलाइज करने के बाद बाघ को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू वैन में रखा गया और ढेला स्थित रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है। पूरी कार्रवाई सुरक्षा मानकों के तहत की गई।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू किया गया बाघ मादा है, जिसकी उम्र लगभग दो से ढाई वर्ष है। बाघ पूरी तरह स्वस्थ है और फिलहाल निगरानी में रखा जाएगा।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों और मजदूरों से जंगल क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की है।
