इस साल दो लाख 23 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी और उनकी उत्तर पुस्तिकाओं (कॉपी) का मूल्यांकन शुक्रवार को पूरा हो जाएगा।रामनगर बोर्ड की तरफ से रिजल्ट तैयार करने का काम भी तेज़ी से किया जा रहा है। इस बार डाटा पंचिंग की प्रक्रिया अपनाई गई है, जिसकी वजह से रिजल्ट जल्दी तैयार हो पा रहा है। बता दें कि उत्तराखंड बोर्ड की लिखित परीक्षाएं इस साल 11 मार्च को पूरी हो गई थीं। इसके बाद रामनगर बोर्ड की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए कुल 29 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए। इनमें से 25 मिश्रित (हाईस्कूल और इंटर दोनों की कॉपी जांचने वाले), हाईस्कूल के तीन एकल केंद्र और इंटर का एक एकल केंद्र शामिल था।
रामनगर बोर्ड के सचिव विनोद सिमल्टी के अनुसार, लगभग सभी केंद्रों में कॉपियों की जांच का काम खत्म हो चुका है। कुछ ही केंद्र बचे हैं, जहां शुक्रवार तक मूल्यांकन पूरा कर लिया जाएगा।बोर्ड के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इस बार पहली बार रिजल्ट तैयार करने के लिए OMR सीट की जगह डाटा पंचिंग सिस्टम अपनाया गया है। इससे रिजल्ट तैयार करने का काम बहुत तेज़ी से हुआ है।रामनगर बोर्ड का कहना है कि पहले छात्रों को जून-जुलाई तक रिजल्ट का इंतज़ार करना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इस बार अप्रैल महीने में ही, 30 तारीख से पहले रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।
