नैनीताल: किलबरी नैना वन क्षेत्र से लापता उपनल कर्मी दयाल सिंह का शव संदिग्ध हालात में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। उनका शव किलबरी वन विश्राम भवन के पास एक गधेरे में मिला, जिसके बाद मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
दयाल सिंह वन विश्राम भवन में चौकीदार के रूप में तैनात थे और 5 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान अचानक लापता हो गए थे। परिजनों और विभागीय कर्मचारियों ने कई दिनों तक जंगल और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने गुमशुदगी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी।
इसी बीच अब उनका शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक जांच भी कराई गई है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस और वन विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटे हैं।
