
नैनीताल: नैनीताल जिले भीमताल में सात जून को मिली महिला की लाश के मामले में यूपी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान जालौन जिले के कठोर गांव निवासी 32 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है। आरोपी ने अपने प्रेम संबंधों के चलते महिला की हत्या की थी और घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे उरई-सातमील मार्ग से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मृतका पुष्पा की शादी वर्ष 2016 में ऋषि तिवारी से हुई थी और वह दो बच्चों की मां थी। अभिषेक, जो दिल्ली में होटल में काम करता था, पुष्पा के ही गांव का रहने वाला है। जब भी वह गांव आता, बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के बहाने पुष्पा से मिलता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पिछले दो वर्षों से उनका प्रेम संबंध चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि पुष्पा अपने पति से अलग होकर 27 मई को दिल्ली पहुंची और वहीं से प्रेमी अभिषेक के साथ भीमताल गई थी। पुष्पा अब अभिषेक के साथ ही रहना चाहती थी, लेकिन अभिषेक इसके लिए तैयार नहीं था। लगातार दबाव के चलते उसने पुष्पा को मारने की योजना बना डाली। 30 मई को वह उसे घुमाने के बहाने भीमताल ले गया, वहां होटल में शराब पिलाई और फिर झील किनारे सीढ़ियों पर ले जाकर बातचीत करते हुए नशे की हालत में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।
उत्तराखंड पुलिस को पुष्पा का शव सात जून को भीमताल झील से बरामद हुआ था। दो दिन बाद 9 जून को पुष्पा के पति ऋषि तिवारी ने शव की शिनाख्त की। अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली ह|
पढ़ें—
भीमताल झील में मिली अज्ञात युवती की लाश, मौत के कारणों की जांच भी शुरू कर दी. –