हल्द्वानी: हल्द्वानी में गुरुवार को गोला नदी से एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खन्स्यु निवासी 52 वर्षीय तुलसी देवी पत्नी स्व. तेज राम के रूप में हुई है। तीन दिन पहले तुलसी देवी जंगल में घास काटते समय अचानक गदेरे के तेज बहाव में बह गई थीं।
परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे। तलाश के दौरान गदेरे के पास उनकी चप्पल और दराती मिली थी। गुरुवार को स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखा और तुरंत थाना बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी। चूंकि शव नदी के बीच फंसा था, इसलिए पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलने पर भीमताल विधायक राम सिंह केड़ा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान वार्ड 24 पार्षद सलीम सेफी, थाना प्रभारी सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना से पूरे परिवार और क्षेत्र में गमगीन माहौल है। ग्रामीणों ने शव निकालने में पुलिस और एसडीआरएफ का पूरा सहयोग किया।
