रुड़की: रुड़की-दिल्ली हाईवे पर गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक ऑल्टो कार में अचानक आग लग गई। घटना मंगलौर थाना क्षेत्र में पैसिफिक होटल के पास की है। कार में आग लगते ही हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर स्टेशन रुड़की की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निशमन दल की तत्परता से वाहन के पेट्रोल टैंक तक आग नहीं पहुंचने दी गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। आग की चपेट में आने से कार के टायर, सीटें, वायरिंग, इंजन और अंदर रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार कार स्वामी संजय पुत्र इलम सिंह, निवासी रंधेड़ी, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), अपनी वर्ष 2008 मॉडल ऑल्टो कार (संख्या UP/11/B/4265) से मंगलौर से रुड़की एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन से धुआं उठता देख उन्होंने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया और नीचे उतर गए। कुछ ही क्षणों में कार ने आग पकड़ ली।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
