नैनीताल: जिले के भवाली क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कैंची धाम के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। कार दिल्ली से आए श्रद्धालुओं की बताई जा रही है, जो बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि आग लगने के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था, सभी श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा के मुताबिक, आग किन कारणों से लगी, इसकी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी का माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।
