मुर्दाघर में चूहों ने शव को नोंचा.
हरिद्वार : हरिद्वार से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखे एक शव को चूहों ने बुरी तरह कुतर डाला, इतना कि मृतक की एक आंख तक चूहे खा गए। शनिवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे, तो शव की हालत देखकर हंगामा शुरू हो गया और अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए गए।
घटना शुक्रवार देर रात की है। पंजाबी धर्मशाला के मैनेजर लखन उर्फ लक्की शर्मा (36 वर्ष) की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात ज्यादा होने और डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया था।
शनिवार सुबह पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू होते समय परिजनों ने देखा कि शव के चेहरे पर कई जगह चोट और कुतरने के निशान हैं। सबसे डरावना दृश्य तब सामने आया जब पाया गया कि मृतक की एक आंख पूरी तरह गायब है, जिसे चूहों ने नोच डाला था। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जोरदार हंगामा किया।
मृतक के जीजा मनोज शर्मा ने बताया कि मोर्चरी का फ्रीजर खराब था और जिस फ्रीजर में शव रखा गया था, वह पीछे से खुला हुआ था। उनका कहना है कि यह स्पष्ट रूप से अस्पताल कर्मचारियों की लापरवाही है।
मनोज ने बताया कि मृतक की आंखें दान की जानी थीं, लेकिन चूहों के हमला करने से एक आंख खराब हो गई, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया है।
