नैनीताल
नैनीताल: नैनीताल इस बार दिसंबर के महीने में रोशनी, संगीत और उत्सव के रंगों से सराबोर रहेगा। सरोवर नगरी में 2025 की विदाई और नए साल के स्वागत को विशेष बनाने के लिए तीन दिवसीय विंटर कार्निवाल, क्रिसमस समारोह और थर्टी फर्स्ट नाइट की भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। होटल एसोसिएशन जिला प्रशासन के सहयोग से शहर को दुल्हन की तरह सजाने में जुटा है।
सूत्रों के मुताबिक, विंटर कार्निवाल 23 दिसंबर से शुरू होने की संभावित तिथि है। छह साल बाद आयोजित किए जा रहे इस कार्निवाल के लिए नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने पर्यटन विभाग से सारी औपचारिक चर्चाएं पूरी कर ली हैं। संगठन बॉलीवुड गायकों और देशभर के लोकप्रिय बैंड्स से बातचीत कर रहा है। वहीं स्थानीय कलाकारों को भी मंच देने की योजना बनाई गई है।कार्निवाल के दौरान पारंपरिक शोभा यात्राएं मुख्य आकर्षण रहेंगी।
क्रिसमस पर चमकेगी झील नगरी
उच्च स्तरीय होटल क्रिसमस की पूर्व संध्या पर सेंटा क्लॉज की शोभायात्रा निकालेंगे। 25 दिसंबर को होटलों में लाइव म्यूजिक के बीच क्रिसमस मनाया जाएगा। झील के चारों ओर रंगीन विद्युत मालाओं से सजी मालरोड और आसपास के क्षेत्र पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेंगे।
नैनीताल होटल एसोसिएशन की योजनाएं
एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिसंबर–जनवरी का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए इस बार विंटर कार्निवाल को भव्य रूप देने की तैयारी है। मालरोड, झील किनारे और बाजारों को विद्युत मालाओं से सजाया जाएगा। शहर में जगह-जगह स्पीकरों के माध्यम से संगीत कार्यक्रम भी होंगे।
नमः होटल ने नव वर्ष के आगमन से पहले ही माहौल बनाने की शुरुआत कर दी है। अगले वीकेंड से प्रत्येक शनिवार को होटल में डीजे नाइट होगी, जिसमें प्रवेश निःशुल्क रहेगा। साथ ही पर्यटकों के लिए विभिन्न स्थानों से मुफ्त पिकअप की सुविधा भी दी जाएगी। यह सिलसिला नव वर्ष तक जारी रहेगा।
थर्टी फर्स्ट के लिए शुरू हुई एडवांस बुकिंग
नैनी रिट्रीट होटल में 29 से 31 दिसंबर के बीच कई खास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। होटल के जीएम डीएस जीना के अनुसार, लाइव म्यूजिक, कुमाऊनी भोजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस पैकेज का हिस्सा रहेंगी। कई कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं और होटल की मांग लगातार बढ़ रही है।
