नैनीताल: नैनीताल के ऐतिहासिक डीएसए मैदान में आयोजित की जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर मंगलवार को नगर पालिका और खेल विभाग के बीच जमकर तकरार देखने को मिली। विवाद इतना बढ़ गया कि विरोध स्वरूप नगर पालिका ने मैदान के एक सिरे पर संचालित अपनी चुंगी बंद करा दी। साथ ही पार्किंग में वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए मस्जिद के सामने पालिका के वाहन खड़े कर दिए गए। हालांकि काफी देर चली तनातनी के बाद दोनों पक्ष कुंवर पृथ्वी राज सिंह बिष्ट स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन पर सहमत हो गए। इसके बाद पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बुधवार से टूर्नामेंट के नियमित मुकाबले खेले जाएंगे।
मंगलवार सुबह खेल विभाग की ओर से ओपन पुरुष वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू की जानी थी, लेकिन सुबह से ही दोनों पक्षों के बीच मतभेद उभर आए। हालात ऐसे बने कि पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और कई सभासद क्रिकेट पिच पर धरने पर बैठ गए, जिस कारण प्रतियोगिता शुरू नहीं हो सकी। गुस्से में आकर पालिका प्रशासन ने करीब 11 बजे कुछ समय के लिए चुंगी बंद करवा दी और पार्किंग क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश भी रोक दिया।
विवाद के चलते डीएसए मैदान में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मैदान के प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई, जिससे आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। करीब तीन घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
इसी दौरान मौके पर पहुंचे एसपी (क्राइम) डॉ. जगदीश चंद्रा ने पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा उनके वाहन को मैदान में प्रवेश नहीं करने दिया गया। बाद में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत ने इस बात को लेकर पालिकाध्यक्ष से माफी मांगी। पालिकाध्यक्ष ने खेल भावना का हवाला देते हुए माफी स्वीकार कर ली और किसी प्रकार की नाराजगी न होने की बात कही।
अंततः बातचीत और आपसी सहमति के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद समाप्त हुआ। पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने मिलकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके बाद बंकर इलेवन और स्पाइकर टीम के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला गया।
