नैनीताल नवगठित जिला पंचायत नैनीताल की पहली बैठक आज राज्य अतिथि गृह में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा देवी दर्मवाल ने की। बैठक से पहले उन्होंने जिला पंचायत के तीन नव नियुक्त सदस्यों पुष्पा नेगी, निधी जोशी और मीना को शपथ दिलाई, जो पूर्व में शपथ ग्रहण नहीं कर पाए थे।
बैठक में शराब, सड़क, स्कूल, अस्पताल और आवारा पशु जैसी प्रमुख समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की परेशानियों को लेकर सदस्य मुखर हुए।
जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और प्रगति का विवरण सदन के समक्ष रखा।
बैठक में सदस्य बहादुर सिंह नगदली ने आरोप लगाया कि फूड डिलीवरी की तरह शराब घर-घर तक पहुंचाई जा रही है, जिससे युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है। उन्होंने आबकारी विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की।
सदस्यों ने मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों, विद्यालय भवनों, पेयजल लाइनों और कृषि क्षेत्र में हुए नुकसान की भरपाई की मांग की। साथ ही गड्ढा मुक्त सड़क, नियमित कूड़ा उठाने, सिंचाई गूलों की मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, और 108 एंबुलेंस सेवा को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
बैठक में अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की कमी को पूरा करने और आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए गौ सदन की स्थापना की मांग की गई।
मौजूद रहे प्रमुख अधिकारी
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी देवी, सभी जिला पंचायत सदस्य, उपजिलाधिकारी विपिन पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल, तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान गांवों में बढ़ती शराब की समस्या और प्राधिकरण सीमा विस्तार पर नाराजगी के चलते यह बैठक प्रदेश भर में चर्चा का विषय बन गई है।


