रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में इस सीजन की पहली बर्फबारी ने पूरे धाम का माहौल बदल दिया है। दोपहर के समय आसमान से बर्फ के फाहे गिरने लगे और चारों तरफ सफेद चादर बिछ गई। पहाड़ों पर बर्फ जमने से ठंड काफी बढ़ गई है और मंदिर परिसर में भी ठिठुरन महसूस होने लगी।
देश और विदेश से आए श्रद्धालु इस नज़ारे को देखकर रोमांचित हो गए। भक्त मंदिर के आंगन में खड़े होकर गिरती बर्फ का आनंद लेते रहे और कई लोग मोबाइल में इस अद्भुत दृश्य को कैद करते दिखे। मौसम खराब होने की वजह से दोपहर के बाद हेलीकॉप्टर सेवाएं भी बाधित रही।
प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए अलाव और गर्म पेय की व्यवस्था की है। मंदिर में बर्फबारी के बीच भी भक्तों की लंबी कतार लगी रही और हर कोई जयकारों के साथ बाबा के दर्शन करता नजर आया।
मौसम विभाग ने पहले ही उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में 6 और 7 अक्टूबर को बर्फबारी की संभावना जताई थी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि धाम आने वाले सभी श्रद्धालु गर्म कपड़े और जरूरी सामान साथ लेकर आएं।
इस समय बाबा केदार के दर्शन के लिए रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। धाम के पैदल मार्ग और मंदिर परिसर में स्वास्थ्य और सफाई की पूरी व्यवस्था की गई है। 450 से ज्यादा पर्यावरण मित्र सफाई और व्यवस्था संभाल रहे हैं। बर्फबारी और भक्तों की आस्था ने केदारनाथ धाम को एक बार फिर अद्भुत और दिव्य रूप में बदल दिया है।
