देहरादून। 6 अक्टूबर सोमवार से पूरे उत्तराखंड में जमीन और फ्लैट खरीदना अब पहले से ज्यादा महंगा हो गया है। सरकार ने राज्यभर में नई दरें लागू कर दी हैं जिससे अब जमीन लेने वालों को पहले की तुलना में ज्यादा रकम चुकानी होगी। लंबे समय से इस पर तैयारी चल रही थी और आखिरकार शासन ने नई दरों को हरी झंडी दे दी है।
दो साल बाद राज्य में एक बार फिर जमीनों के सर्किल रेट बदले गए हैं। पिछली बार साल 2023 में दरें बढ़ाई गई थीं। इस बार शासन ने हर जिले से रिपोर्ट लेकर गहराई से जांच की और उसके बाद नई दरें तय कीं। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे पांच अक्टूबर से नई दरें लागू करें।
देहरादून में इस बार सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। यहां जमीनों के रेट में नौ से बाइस प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। पिछले कुछ महीनों में शहर में लगातार निर्माण और संपत्ति की खरीद बिक्री बढ़ी थी जिसके चलते सरकार ने दरें संशोधित करने का फैसला लिया। अब जो भी व्यक्ति देहरादून या आसपास जमीन या फ्लैट खरीदेगा उसे पहले के मुकाबले ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा।
राजपुर रोड पर जहां पहले पचास मीटर की दूरी वाली जमीन का रेट साठ हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर था अब वह बढ़कर अड़सठ हजार रुपये हो गया है। इसी तरह तीन सौ पचास मीटर दूरी तक की जमीन का रेट जो पहले पचास हजार था अब पचपन हजार रुपये तय किया गया है।
थानो रोड इलाके में सर्किल रेट में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की गई है जहां दरें बाइस प्रतिशत तक बढ़ी हैं। फ्लैट का रेट भी अब पहले से ज्यादा हो गया है। पहले यह छिहत्तर हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर था जो अब बढ़कर बयासी हजार रुपये हो गया है। व्यावसायिक भवनों का रेट भी एक लाख पैंसठ हजार से बढ़कर एक लाख पचहत्तर हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है।
विकासनगर में आवासीय जमीन पर दस प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है जबकि ऋषिकेश में कई इलाकों में बीस प्रतिशत तक रेट बढ़ाए गए हैं। प्रमुख सड़कों से दूरी के आधार पर भी नई दरें तय की गई हैं। जहां पचास मीटर तक की जमीन का रेट सबसे ऊंचा है वहीं दूरी बढ़ने पर थोड़ी राहत दी गई है।
नई दरें लागू होने के बाद अब जमीन खरीदने वालों को जेब ढीली करनी होगी जबकि सरकार को राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद है। लोगों को अब अपनी पसंद की जमीन या फ्लैट के लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।
