
चमोली के थराली से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। शुक्रवार दोपहर एक जवान की जिंदगी का सफर अचानक थम गया। 29 वर्षीय दीपक जोशी, जो सेना में गढ़वाल स्काउट का जवान था, अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर बुआ को भिटोली (पारंपरिक उपहार) देने थराली गांव जा रहा था।
लेकिन कोटडीप के पास उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गई। पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
दीपक मूल रूप से नैल कुलसारी गांव के रहने वाले थे। 10 महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी। होली के मौके पर दो महीने की छुट्टी लेकर घर आए थे, और महज तीन दिन बाद ड्यूटी पर वापस लौटना था। लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी होगा।दीपक अपने पीछे माता-पिता, छोटा भाई और पत्नी को छोड़ गए हैं।