रूद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। बारिश और बर्फबारी के चलते चारधाम यात्रा प्रभावित हो गई है और धाम में सन्नाटा पसरा हुआ है। यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
इधर, केदारनाथ हाईवे बांसवाड़ा में तीन दिन बंद रहने के बाद खुला, लेकिन सोनप्रयाग-गौरीकुण्ड राजमार्ग अब भी मुनकटिया में मलबा आने से बंद है। लगातार बारिश से स्थानीय लोगों के कारोबार पर भी असर पड़ा है और ठंड बढ़ गई है।
एसडीआरएफ के जवानों ने बारिश में फंसे दो खच्चरों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। ये खच्चर दो दिनों से मंदाकिनी नदी के किनारे फंसे थे।
बारिश से पहाड़ी इलाकों में हालात कठिन बने हुए हैं। जगह-जगह पैदल रास्ते और मोटरमार्ग ध्वस्त हो चुके हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि एनएच विभाग की मशीनें लगातार मलबा हटाने में लगी हैं ताकि बंद पड़े मार्ग जल्द खोले जा सकें।
