देहरादून: थाना राजपुर पुलिस ने ओल्ड मसूरी रोड, बड़ा मोड़ के पास से जानलेवा हमले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
24 सितंबर को अमान चौधरी ने थाना राजपुर में तहरीर दी थी कि वाटिका सोसायटी, मसूरी रोड के पास अज्ञात कार सवार लोगों ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। इस आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों मसूरी रोड, सिनोला रोड, मसूरी डायवर्जन और कैनाल रोड—पर लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन आरोपियों—आसिफ कुरैशी उर्फ आशु, शुभम सती और शाहरुख हुसैन—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में एक और आरोपी सोहेल का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी आसिफ कुरैशी ने करीब एक साल पहले पीड़ित अमान चौधरी को 15.35 लाख रुपये उधार दिए थे। कई बार मांगने के बावजूद पैसे वापस नहीं मिले। इससे नाराज होकर और बहन की शादी टूटने के कारण आसिफ ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला करने की योजना बनाई।
घटना के दिन आरोपियों ने अमान चौधरी को उनकी थार गाड़ी से सिनोला तिराहे की ओर जाते हुए रोका और उस पर फायरिंग कर दी। सौभाग्य से अमान को गंभीर चोट नहीं लगी। पुलिस ने आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
