मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरों ने सोमवार रात से पूरे देश में अफरा-तफरी मचा दी। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही इन अफवाहों पर अब परिवार ने स्पष्टीकरण जारी किया है। धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी दोनों ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अभिनेता पूरी तरह सुरक्षित हैं और धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।
धर्मेंद्र को बीते कुछ दिनों से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है। परिवार के अनुसार, डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही है और उनकी स्थिति स्थिर है।
हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर नाराजगी जताते हुए लिखा —
“जो हो रहा है, वह क्षमा के काबिल नहीं है। जिम्मेदार चैनल किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज करवा रहे हैं और ठीक हो रहे हैं? कृपया परिवार की निजता का सम्मान करें।”
वहीं, ईशा देओल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा —
“मेरे पिता स्थिर हैं और स्वस्थ हो रहे हैं। कृपया झूठी खबरों पर ध्यान न दें और हमारी निजता का सम्मान करें। पापा के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करने के लिए सभी का धन्यवाद।”

बताया जा रहा है कि रविवार रात धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शाहरुख खान, सलमान खान और सनी देओल जैसे कई स्टार्स उनसे मिलने पहुंचे थे। परिवार के अपडेट के बाद अब फैंस के बीच राहत की लहर है।

