नैनीताल: नैनीताल में लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारी बारिश के चलते नालों और प्राकृतिक स्रोतों से झील में पानी का तेज़ी से बहाव हो रहा है। सोमवार सुबह जलस्तर 87.2 फीट पर पहुंच गया, जो अगस्त माह के निर्धारित उच्च स्तर के बराबर है।
स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग ने झील के दोनों निकासी गेट दो-दो इंच खोल दिए हैं। यदि जलस्तर में कमी नहीं आई, तो निकासी और बढ़ाई जाएगी।
पिछले एक सप्ताह से जारी बारिश के कारण झील का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सुबह आपदा नियंत्रण कक्ष को गेट खोलने की सूचना दी गई, जिसके बाद हरिनगर, धोबीघाट और वीरभट्टी क्षेत्रों में अलर्ट संदेश भेजा गया। पुलिस ने मुनादी कर लोगों को निकासी नालों से दूर रहने की चेतावनी दी है।
झील नियंत्रण कक्ष प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा ने बताया कि फिलहाल दो-दो इंच पानी छोड़ा जा रहा है, लेकिन जलस्तर में तेजी बरकरार रही तो निकासी और बढ़ाई जाएगी।
