देहरादून,उत्तराखंड में गर्मी ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। आज से लेकर 10 जून तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा और तेज़ धूप के साथ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने अगले चार दिन गर्मी के तेवर तेज़ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 11 जून के बाद एक बार फिर मौसम के करवट लेने की संभावना है। इस दौरान आंशिक बादल, हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में चटक धूप देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी होगी और लू जैसे हालात बन सकते हैं।
देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक महसूस की गई।