
नैनीताल से हल्द्वानी के लिए यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा। तल्लीताल बस स्टेशन पर दोपहर के बाद से ही यात्रियों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई। शाम होते-होते बस स्टेशन पर यात्रियों का हुजूम उमड़ गया। जिससे यात्रियों समस्याओं का सामना करना पड़ा।
स्टेशन पर बस आते ही लोगों में भगदड़ मच गई और सीट पाने के लिए यात्री एक दूसरे को धक्का देते हुए खिड़की से बस के अंदर जाने लगे। भीड़ को देख लगा कि नव वर्ष के दौरान यात्रियों की भारी संख्या को संभालने में नाकाम रही। बसों की सीमित संख्या और उच्च मांग के बीच व्यवस्था पूरी तरह से विफल रही, जिससे यात्री परेशान और निराश दिखे।
वहीं गुरुवार को भी शाम हल्द्वानी से नैनीताल आने वाली रोडवेज की व्यवस्था भी अधूरी साबित हुई। यात्रियों ने बताया कि बसें न के बराबर थीं, और खचाखच भरी बसों में सफर करना एक कठिन कार्य बन गया। यात्री अपनी जगह पाने के लिए आपस में भिड़ते नजर आए। रोडवेज की इस अव्यवस्था से यात्रियों में गहरा रोष है और वे प्रशासन से सुधार की मांग कर रहे हैं।
वहीं, दूसरी तरफ टैक्सी चालकों ने भी मौके का फायदा उठाया और मनमर्जी से किराया वसूलने लगे। अधिक भीड़ के कारण टैक्सी चालकों ने अपने किरायों में मनमाना इजाफा कर दिया है, जिससे यात्री आर्थिक रूप से भी परेशान हो रहे हैं। यात्री इस स्थिति को लेकर खासे नाराज हैं और व्यवस्था में सुधार की उम्मीद कर रहे हैं।